श्री अग्रवाल मंडल रजि. कृष्णा नगर द्वारा इस वर्ष 25वां महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव रजत जयंती वर्ष के रूप में अभूतपूर्व भव्यता के साथ मनाया जाएगा। संस्था के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला होगी। महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यकारिणी सदस्य सचिन अग्रवाल एवं मंडल के पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी तथा स्मारिका का विधिवत विमोचन किया।
11 अक्टूबर से होगा महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को अग्रवाल धर्मशाला में वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ के साथ होगा। इसके बाद 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे सनातन धर्म मंदिर, कृष्णा नगर बाजार से 108 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। माता महालक्ष्मी के चित्र को विराजमान कर यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला, डैम्पियर नगर पहुंचेगी।
16 अक्टूबर को निकलेगी विशाल शोभायात्रा
16 अक्टूबर को दोपहर 4 बजे मंडी समिति परिसर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन होगा। शोभायात्रा सोंख रोड और कृष्णा नगर के मुख्य बाजारों से गुजरते हुए मुकुंद रिसॉर्ट पहुंचेगी। समापन पर मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें अतिथियों, संरक्षकों एवं समाज के वरिष्ठजनों का अभिनंदन और सम्मान किया जाएगा।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का उद्देश्य समाज में एकता, सेवा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी अग्रबंधुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रजत जयंती वर्ष के इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की
पत्रिका विमोचन के अवसर पर मोहन लाल अग्रवाल, मांगी लाल अग्रवाल, केशव अग्रवाल, संजू लाला, जयन्ती प्रसाद अग्रवाल, गिरधारी लाल बंसल, डॉ. के.एम. अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल एवं संतोष सिंघल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यकारिणी में संतोष सिंघल, गोविंद अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, धीरज गोयल, सोनू अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, बंटी बिंदल, नीरज अग्रवाल, बादल अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, सुमित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं