मथुरा/राया। अयाराखेड़ा गांव में नशे और अन्य जनसमस्याओं की शिकायत करने वाले परिवार ने थाना राया पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट, महिलाओं से अभद्रता और परिजनों को हिरासत में लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित मानवेंद्र सिंह ने SSP मथुरा को शिकायत देकर दरोगा बिजेंद्र यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 11 सितंबर को पुलिस टीम उनके घर पहुंची और कृष्णा सिंह व पुष्पेंद्र सिंह के साथ मारपीट करते हुए उन्हें पुलिस जीप में ले गई। परिवार का दावा है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
वहीं, जितेंद्र सिंह को भी पुलिस द्वारा करीब 20-21 घंटे हिरासत में रखने का आरोप लगाया गया है। कृष्णा और पुष्पेंद्र का शांतिभंग में चालान किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
मानवेंद्र सिंह का आरोप है कि उन्होंने गांव में कथित अवैध शराब, नशीले पदार्थों के कारोबार, जलभराव और अस्पतालों की अव्यवस्थाओं को लेकर DM व अन्य अधिकारियों से शिकायत की थी। उनका दावा है कि इसी के बाद ग्राम प्रधान और कथित नशा कारोबारियों ने पुलिस से मिलीभगत कर उनके परिवार पर कार्रवाई कराई।