मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र के गांव नगला फॉर्म गुर्जर में मंगलवार को पैसे के लेनदेन को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जैंत पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल राहुल पुत्र राकेश, निवासी नगला फॉर्म गुर्जर, ने आरोप लगाया कि उसने कुछ दिन पहले अपने पड़ोसियों से एक स्कूटी खरीदी थी और उसकी पूरी रकम चुका दी थी। राहुल का कहना है कि मंगलवार को जब वह घर से अपने काम के लिए निकला, तभी पड़ोसियों ने रास्ते में उसकी स्कूटी छीन ली और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं थाना जैंत पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।