थाना रिफाइनरी की मिशन शक्ति टीम ने संवेदनशील काउंसलिंग के जरिए पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कर एक बिखरते परिवार को टूटने से बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के साथ विवाद को लेकर थाना रिफाइनरी में प्रार्थना पत्र दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति टीम ने मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया और आपसी बातचीत के माध्यम से उनकी काउंसलिंग की।
काउंसलिंग के दौरान टीम ने दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया-बुझाया, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच के सभी मतभेद समाप्त हो गए। दोनों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया और राजी-खुशी अपने वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
थाना रिफाइनरी पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना करते हुए इसे मिशन शक्ति अभियान की सकारात्मक कार्यशैली का उदाहरण बताया।