Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 22 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में पोषण अभियान की समीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

मथुरा में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति और जिला अभिसरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुपोषण उन्मूलन, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

मथुरा, 21 सितम्बर। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पोषण अभियान के अंतर्गत जिला पोषण समिति एवं जिला अभिसरण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित पोषण योजनाओं की प्रगति, कुपोषण की स्थिति तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आधार सत्यापन शीघ्र पूरा कराया जाए तथा सभी पात्र गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कर फेस रिकग्निशन के माध्यम से सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं को समय पर डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर समयबद्ध पोषाहार वितरण, पोषण ट्रैकर ऐप पर नियमित डेटा अपडेट, टीकाकरण, एनीमिया नियंत्रण और जनजागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने गंभीर एवं मध्यम कुपोषित (SAM-MAM) बच्चों का शत-प्रतिशत चिन्हांकन कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, बच्चों के लिए टेबल-चेयर तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने, निर्माणाधीन केंद्रों का कार्य समय पर पूरा कराने, पोषण वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और बाल पेंटिंग जैसी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, बीएसए रतन कीर्ति, डीआईओएस राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार सहित सभी सीडीपीओ एवं एसीडीपीओ मौजूद रहे

Previous News

गोविंदनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को किया गिरफ्तार

Next News

मथुरा पुलिस का पैदल गश्त अभियान, संदिग्धों की हुई चेकिंग