मथुरा जनपद के थाना गोवर्धन पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 20 सितंबर 2026 को रात करीब 11:25 बजे नीमगांव चौराहा से सकरवा बाईपास की ओर लगभग 150 मीटर आगे से एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त 25 वर्षीय अजय पुत्र स्वर्गीय महादेव है, जो थाना बरसाना क्षेत्र के ग्राम भरना खुर्द का निवासी है।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को कस्बा गोवर्धन स्थित कैनरा बैंक के बाहर से एक काले रंग की स्पलेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 85 CJ 8156) चोरी हो गई थी। इस संबंध में वादी द्वारा 18 सितंबर 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना गोवर्धन में अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अजय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई स्पलेंडर मोटरसाइकिल और एक लावा कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, कांस्टेबल विशाल चौहान और कांस्टेबल प्रीत कुमार शामिल रहे।