मथुरा के वृन्दावन रोड स्थित ग्रोइंग सोल किड्स स्कूल में बारह दिवसीय गणपति उत्सव की भव्य शुरुआत शोभायात्रा के साथ की गई। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत शिव बाला नाथ नगर स्थित शिव मंदिर से हुई, जहां से एक आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान शिव, माता पार्वती, कार्तिकेय तथा गणेश जी का सुंदर स्वरूप धारण किया।
शोभायात्रा के साथ ही छात्र-छात्राओं के परिजनों द्वारा एक भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई। इस कलश यात्रा में कुल 131 महिलाएं अपने सर पर पवित्र जल लेकर शामिल हुईं। इस शोभायात्रा और कलश यात्रा के दौरान भगवान गणेश के साथ हाथी, चूहों और गोरिल्ला ने भी बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया, जो रास्ते भर खुशी से नाचते हुए शोभायात्रा के साथ चल रहे थे।
इस भव्य गणपति यात्रा का समापन ग्रोइंग सोल किड्स स्कूल के मुख्य मंच पर गणपति स्थापना के साथ हुआ। स्कूल परिसर के मुख्य मंच पर सैकड़ों छात्राओं ने पारंपरिक मराठी वेशभूषा धारण कर रखी थी। सभी ने एक साथ 'गणपति बप्पा मोरया' के नारे लगाए, जिससे पूरा आसमान गुंजायमान हो उठा। इस भव्य आयोजन और कार्यक्रम के संदर्भ में ग्रोइंग सोल किड्स स्कूल की प्रधानाचार्य सोनिका शर्मा ने विस्तार से जानकारी दी।