खुले नाले में गिरी एक लाख की भैंस, किसान ने नगर निगम से लगाई मदद की गुहार
मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र में बीएसए कॉलेज के समीप खुले नाले में रविवार शाम करीब 6 बजे एक किसान की करीब एक लाख रुपये कीमत की भैंस गिर गई। भैंस को निकालने के लिए किसान करीब दो घंटे तक प्रयास करता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद किसान ने नगर निगम से मदद की गुहार लगाई।
किसान बल्लू ने बताया कि वह अपनी भैंसों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक भैंस अचानक खुले नाले में गिर गई। काफी प्रयास के बाद भी जब भैंस बाहर नहीं निकल सकी तो उसने नगर निगम से मदद मांगी
किसान का आरोप है कि बीएसए कॉलेज के समीप खुले नाले में आए दिन गोवंश के गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अभी तक नाले को सुरक्षित करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। सूचना पर एक पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचा और उसने घटना का वीडियो बनाया, एवं सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया लेकिन मदद नहीं की
किसान का कहना है कि वह करीब दो घंटे तक पुलिया पर बैठकर मदद का इंतजार करता रहा, लेकिन नगर निगम का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। पीड़ित ने नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए भैंस को जल्द बाहर निकालने की गुहार लगाई।