गोवर्धन में माता-पिता की मौत के बाद अनाथ हुई एक मासूम बच्ची पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस ताई ने मां-बाप के निधन के बाद मासूम की जिम्मेदारी संभाली थी, अब उसी पर बच्ची को घर से बाहर निकालने और सामान समेटकर ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित बच्ची के मुताबिक, उसकी ताई ने मकान पर ताला लगा दिया है और किसी अन्य व्यक्ति से शादी रचाकर उसी के साथ रहने लगी है।
पीड़ित मासूम का आरोप है कि ताई मकान में अपने हिस्से को करीब 12 लाख रुपये में पहले ही बेच चुकी है। इसके बाद 7 जुलाई को वह घर आई और वहां रखी मोटरसाइकिल, अंगूठी, कूलर समेत घर का अन्य सामान जबरन अपने साथ ले गई। जब बच्ची ने इस बात का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और पुलिस या तहसील में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
मां-बाप के गुजर जाने के बाद फिलहाल यह मासूम अपने छोटे बाबा के साथ रह रही है और उन्हें ही अपना सहारा बता रही है। अपने जायज घर और जमीन के हक को पाने के लिए बच्ची अब पुलिस थाने से लेकर तहसील तक के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और उसे उसका हक व न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।