मथुरा। कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में 'ब्रज लोक रंग महोत्सव-2026' का भव्य और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध आयोजन किया गया। इस विशेष महोत्सव में दिल्ली से आए मशहूर कलाकारों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूपों और गोपियों के रूप में ब्रज की लोक संस्कृति, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीलाओं पर आधारित एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्रज वंदना के भावपूर्ण गायन और नृत्य के साथ हुई। इसके पश्चात कलाकारों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में प्रेम और भक्ति से ओतप्रोत लीलाओं का जीवंत मंचन किया। वहीं, गोपियों की भूमिका निभा रहे कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस कमांडेंट शैलेंद्र सिंह, सीओ सिटी आशना चौधरी और बरसाना से पधारे संत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आए हुए सभी अतिथियों का पटुका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
अतिथियों ने ब्रज की लोक संस्कृति और प्राचीन परंपराओं को मंच के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ओमविशान सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।