मथुरा (09 सितंबर 2026)। लक्ष्मी नगर चौराहे पर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे पार्क व सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट से भविष्य में भीषण यातायात समस्या उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। इस विषय पर भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के नगर अध्यक्ष शिवा बघेल ने नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों से जनहित में तुरंत संज्ञान लेकर उचित समाधान निकालने की अपील की है।
शिवा बघेल के अनुसार, लक्ष्मी नगर चौराहा क्षेत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है, जहाँ से प्रतिदिन भारी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन गुजरते हैं। चौराहे के आसपास पुलिस बूथ एवं अन्य संरचनाएं पहले से मौजूद हैं। यदि विकास कार्य के कारण सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम होती है, तो पीक ऑवर में जाम, ट्रैफिक दबाव और दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाएगा।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि वे विकास कार्यों को रोकने के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि सौंदर्यीकरण को बेहतर यातायात व्यवस्था के अनुरूप व्यवस्थित कराना चाहते हैं। इसके लिए नगर निगम से मांग की गई है कि प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देने से पहले क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण और यातायात सर्वे कराया जाए। इसके अलावा, प्रोजेक्ट की सीमा इस प्रकार तय हो कि पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन वाहनों के लिए पर्याप्त स्थान बना रहे। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय नागरिकों और ट्रैफिक पुलिस से सुझाव लेकर एक ठोस ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए।