मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले ही दिन यानी 5 सितंबर को जहरखुरानी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ दो सवारियों ने एक ई-रिक्शा चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर अपना शिकार बनाया और उसका ई-रिक्शा, मोबाइल फोन व नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित चालक विपिन कुमार ने पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए अब उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
घटनाक्रम के मुताबिक, 5 सितंबर को विपिन मंडी चौराहे से दो सवारियों को बालाजीपुरम छोड़ने के लिए अपने ई-रिक्शा में बैठाकर ले जा रहा था। बालाजीपुरम के पास पहुँचने पर सवारियों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसे पीते ही चालक की हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। जब विपिन को होश आया, तो वह आगरा की ओर जाने वाले सिकंदरा मार्ग पर पड़ा हुआ था। उसने तुरंत अपने दोस्त को फोन किया, जिसके बाद दोस्त की मदद से एंबुलेंस के जरिए उसे मथुरा लाया गया। जब उसने जांच की, तो उसका ई-रिक्शा, मोबाइल फोन और नकदी गायब थे।
पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर तो पहुँची, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़ित लगातार पुलिस चौकी और थानों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे केवल आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है। परेशान होकर पीड़ित विपिन कुमार ने उच्च पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और अपना सामान बरामद कराने की मांग की है।