मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में शनिवार देर शाम पिता के लिए खाना लेने जा रहे दो सगे भाइयों पर दबंगों ने हमला कर दिया। नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों की मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना थाना हाईवे क्षेत्र के मंडी चौराहे के पास की है, जहां प्रियांश और पारस अपने पिता के लिए खाना लेने जा रहे थे। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए, जबकि प्रियांश की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घायल युवकों के चाचा नौहबत सिंह का आरोप है कि उनके भाई श्याम बाबू ने वर्ष 2024 में ताजमहल पर गंगाजल चढ़ाया था, जिसके बाद उन्हें कई हिंदू संगठनों ने सम्मानित किया था। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते पहले भी परिवार पर हमला हुआ था और अब दोनों भतीजों को निशाना बनाया गया है।