धर्मनगरी मथुरा में योगीराज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अगले दिन नंदोत्सव की धूम देखने को मिली। ब्रज की परंपरा के अनुसार भगवान के जन्म की खुशी में हर मंदिर में नंद बाबा के आनंदोत्सव का आयोजन किया गया। इसी क्रम में श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में भी हर वर्ष की भांति इस बार नंदोत्सव हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया, जिसमें दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर में बधाई गायन और भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। ब्रज के रसिया और बधाई गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच खिलौने, फल, मिष्ठान और अन्य उपहारों की पारंपरिक लूट कराई गई।
जैसे ही उपहार वितरण शुरू हुआ, उन्हें पाने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी नंदोत्सव की इस अनूठी परंपरा का आनंद लेते नजर आए। पूरा जन्मस्थान परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आयोजित नंदोत्सव ब्रज की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे और सभी ने श्रद्धा भाव से नंदोत्सव में सहभागिता की।