श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को लेकर मथुरा-वृंदावन में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर और आसपास के क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार, मंदिर को जोड़ने वाली प्रमुख गलियों तथा प्रेम मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सफाई, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और जूता-घर जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जन्माष्टमी पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ प्रबंधन, सुगम दर्शन और सुरक्षित आवागमन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि जन्माष्टमी महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।