श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व पर मथुरा पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए ड्रोन कैमरों से निगरानी, डॉग स्क्वॉड और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेनों के माध्यम से मथुरा पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।
मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश द्वार और स्टेशन परिसर की निगरानी अब ड्रोन कैमरों के जरिए भी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
वहीं जीआरपी, आरपीएफ और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही है। यात्रियों के सामान की जांच के साथ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य यही है कि जन्माष्टमी पर आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव कर सके।