कई दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार को हुई बेमौसम झमाझम बारिश ने एक बार फिर मथुरा-वृंदावन में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाना है, जिसको लेकर शासन-प्रशासन और नगर निगम स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं
लेकिन अचानक हुई बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं के सामने जलभराव की चुनौती खड़ी कर दी बारिश के बाद भूतेश्वर चौराहे और अंडरपास क्षेत्र में पानी भर गया जलभराव की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीमों को मौके पर लगाया गया।
इसी बीच नगर आयुक्त ओजस्वी राज भी भारी बारिश के बीच हाथ में छाता लेकर मौके पर पहुंच गए और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों पर पंप के माध्यम से जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए,
ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि भूतेश्वर अंडरपास में जलभराव की समस्या पुरानी है, इससे स्थायी रूप से निजात दिलाने के लिए नगर निगम हर स्तर पर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन डाली गई है। इसका असर अब दिखाई देने लगा है
पहले बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता था, जबकि नई पाइपलाइन के जरिए पानी की निकासी पहले की अपेक्षा तेजी से हो रही है जन्माष्टमी से ठीक पहले हुई बारिश ने एक बार फिर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की परीक्षा ले ली है