उत्तर प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए आज बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UPCOS पोर्टल लॉन्च कर आउटसोर्स व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की शुरुआत की है। अब भर्ती से लेकर वेतन, उपस्थिति, अवकाश और शिकायत निवारण तक की पूरी प्रक्रिया एकीकृत ऑनलाइन सिस्टम से संचालित होगी।
अब तक विभिन्न विभाग अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति करते थे, जिससे वेतन, ईपीएफ, ईएसआई और सेवा शर्तों में असमानता की शिकायतें सामने आती थीं। नई UPCOS व्यवस्था के तहत सभी विभागों में एक समान और पारदर्शी प्रणाली लागू होगी, जिससे कर्मचारियों के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
डिजिटल पोर्टल पर कर्मचारियों को वेतन प्रसंस्करण, उपस्थिति, अवकाश प्रबंधन और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का कहना है कि इससे मानव संसाधन प्रबंधन अधिक जवाबदेह और तकनीक आधारित होगा, जबकि कर्मचारियों को समय पर भुगतान और सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित किए जाएंगे।