उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना शेरगढ़ की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने महिलाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही यह भी समझाया गया कि बस, सड़क या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों द्वारा छेड़खानी की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में एफआईआर दर्ज कराएं।
पुलिस टीम ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी महिलाओं को जागरूक किया।
इसके अलावा महिला एवं बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।