मथुरा के कोसीकलां में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। हत्या की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने कोसी-नंदगांव रोड पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे बाद जाम खोला गया।
कोसीकलां के गांव सुरवारी निवासी चंद्रपाल की संदिग्ध मौत को लेकर सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने कोसी-नंदगांव मार्ग पर बैठकर सड़क जाम कर दी और मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत शुरू की।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग चंद्रपाल को घर से अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद उनकी मौत की सूचना मिली। मृतक की पत्नी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात दोबारा सुचारु हो सका.