मथुरा | FAMA Academy एवं ट्रेडिशनल शोटो-काई कराटे-डो एसोसिएशन मथुरा (TSKAM) के संयुक्त तत्वावधान में ममता इंटर स्कूल स्थित फामा एकेडमी में रविवार को कराटे बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 53 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सफल प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न स्तरों की बेल्ट एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किए।
हेड कोच सोनू निषाद के निर्देशन में आयोजित परीक्षा में खिलाड़ियों ने कराटे की तकनीक, अनुशासन, शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। राजीव सोनी, कंचन रानी और आकाश के मार्गदर्शन में परीक्षा की पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बेल्ट वितरण के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अपने बच्चों को नई बेल्ट और प्रमाण-पत्र प्राप्त करते देख अभिभावकों ने भी उत्साह व्यक्त किया और उनकी मेहनत की सराहना की। अभिभावकों ने कहा कि कराटे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
हेड कोच सोनू निषाद ने कहा कि कराटे केवल बेल्ट हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि यह जीवन में सम्मान, धैर्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत की सीख देता है। संस्था ने सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।