मथुरा | थाना मगोर्रा पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 64 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे के औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की शाम मुखबिर की सूचना पर सिंचाई विभाग कार्यालय के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजय (19) पुत्र भरत सिंह और नवीन (18) पुत्र परशुराम निवासी नगला नारायण सिंह, कोसीखुर्द, थाना मगोर्रा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लोहे का सब्बल, सरिया का टुकड़ा, लोहे की पाइप और चोरी किए गए ₹64,000 नकद बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की वारदात स्वीकार की।
इस मामले में थाना मगोर्रा में दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।