Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 30 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जन्माष्टमी से पहले नगर निगम का अतिक्रमण पर मथुरा-वृंदावन में चला अभियान, हुई बुलडोजर कार्यवाही

प्रवर्तन दल ने हटाए 74 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण, बोर्ड-ढकेल समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त; ₹19,700 जुर्माना वसूला

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को लेकर नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने तैयारियां तेज कर दी हैं जहाँ श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त के निर्देशन में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मथुरा और वृंदावन के प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाए और सामान जब्त किया।

मथुरा में कई स्थानों पर हुई कार्रवाई

मथुरा क्षेत्र में प्रवर्तन दल ने टैंक चौराहा से मच्छी फाटक, एसबीआई चौराहा, न्यू बस स्टैंड, बीएसए कॉलेज, भूतेश्वर तिराहा, श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट नंबर-1, डीग गेट, गोविंद नगर थाना, गेट नंबर-3, गेट नंबर-2, पोतरा कुंड तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुख्य गेट के सामने वाले मार्ग तक अभियान चलाया इस दौरान 32 शिफ्ट ढकेल हटाई गईं। इसके अलावा 22 बोर्ड/फ्लेक्स, पांच लोहे के बोर्ड, दो एलजी फ्लेक्स, दो भट्टी, आठ बांस और तीन तिरपाल जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान ₹5,200 का जुर्माना वसूला गया वहीं डीग गेट चौराहा से अग्रसेन चौक, जयसिंहपुरा, बिरला मंदिर होते हुए एसकेएस फार्म हाउस तक सड़क के दोनों ओर भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां 15 शिफ्ट ढकेल हटाने के साथ एक लकड़ी का तख्त, पांच प्लास्टिक चेयर, एक लोहे की बेंच, एक ढकेल, 10 बोर्ड और 16 प्लास्टिक कैरेट जब्त किए गए। इस कार्रवाई में ₹3,500 का जुर्माना वसूला गया। मथुरा क्षेत्र में कुल ₹8,700 का जुर्माना वसूला गया

वृंदावन में भी अतिक्रमण पर चला निगम का डंडा

वृंदावन क्षेत्र में बिरला मंदिर से मायावती तिराहा, मायावती तिराहा से 100 फुटा, पापड़ी होते हुए रमन रेती पुलिस चौकी तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक लकड़ी का तख्त, सात बोर्ड, तीन प्लास्टिक चेयर, 15 अस्थायी अतिक्रमण, छह सड़क किनारे के खोखे, 22 शिफ्ट ढकेल और एक कैनोपी हटाकर जब्त की गई। इसके साथ ही 500 पॉलीथिन भी जब्त की गईं वृंदावन क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹10,000 का जुर्माना वसूला गया, जबकि पॉलीथिन के मामले में ₹1,000 का चालान किया गया। इस प्रकार वृंदावन क्षेत्र से कुल ₹11,000 की वसूली हुई।

जन्माष्टमी तक जारी रहेगा अभियान

नगर निगम मथुरा-वृंदावन नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा, सुगम यातायात तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम की कार्रवाई से जन्माष्टमी के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम करने में मदद मिलेगी

Previous News

तीन करोड़ की अष्टधातु मूर्ति के साथ युवक गिरफ्तार, मथुरा में तस्करी रैकेट का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा

Next News

रंगीन लाइटों से जगमग दिखेंगी कृष्ण की लीलाएं, देर रात नगर आयुक्त ने परखी प्रकाश व्यवस्था