वृंदावन स्थित रंगीली कुंज के महंत एवं अंतरराष्ट्रीय भजन सम्राट महामंडलेश्वर कुंज बिहारी दास महाराज को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद धार्मिक जगत में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महामंडलेश्वर कुंज बिहारी दास महाराज के अनुसार, उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इस कॉल का ऑडियो भी सामने आया है, जिसे उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराया है। महाराज का आरोप है कि धमकी देने वाले की पहचान लोकेश मिश्रा उर्फ राघव मिश्रा, निवासी लुधियाना (पंजाब), के रूप में हुई है।
महाराज ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल थाना जैंत पुलिस को दी गई, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
महामंडलेश्वर ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई तथा शीघ्र मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है
पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत और ऑडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी