मथुरा: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला थाना परिसर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आपसी मतभेदों के कारण अलगाव की कगार पर पहुंचे दो दंपतियों की सफल काउंसलिंग कराई गई। परामर्श के बाद दोनों परिवारों में पुनः सामंजस्य स्थापित हुआ और पति-पत्नी ने साथ रहने का संकल्प लिया।
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी गई और आपसी संवाद के माध्यम से मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया। काउंसलरों की समझाइश के बाद पति-पत्नी ने पुराने विवाद भुलाकर वैवाहिक जीवन को नई शुरुआत देने पर सहमति जताई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से दो परिवार टूटने से बच गए, जिससे न केवल दंपतियों का रिश्ता सुरक्षित हुआ बल्कि उनके बच्चों और परिजनों का भविष्य भी सुरक्षित रखने में मदद मिली।
महिला थाना का परिवार परामर्श केंद्र वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।