मथुरा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने अपनी तैयारियां चाक-चौबंद कर दी हैं। अतिरिक्त भीड़ के मद्देनज़र कई रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है, जिसका बड़ी संख्या में रेल यात्री लाभ उठा रहे हैं।
गुरुवार को मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। जैसे ही मेला स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची, सीट पाने के लिए यात्रियों में होड़ मच गई। इस दौरान RPF और रेलवे अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए यात्रियों को सुरक्षित ढंग से ट्रेन में चढ़ाने और व्यवस्था बनाए रखने का कार्य किया।
यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्टेशन पर लगातार लाउडस्पीकर से घोषणाएं की गईं। ट्रेन नंबर, प्लेटफॉर्म और गंतव्य की जानकारी समय-समय पर प्रसारित की गई, ताकि यात्रियों को पूछताछ के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रक्षाबंधन को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का विस्तार भी किया गया है। झांसी–आगरा कैंट ट्रेन को अब मथुरा तक बढ़ाया गया है, जबकि कासगंज–मथुरा पैसेंजर का विस्तार अछनेरा तक किया गया है।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए झांसी–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल का संचालन 27 और 28 अगस्त को तथा खजुराहो–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल का संचालन 26, 28 और 29 अगस्त को किया जा रहा है, जिससे त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत मिलेगी।