आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार शाम थाना कोतवाली परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र की अध्यक्षता में प्रशासन और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, बिजली आपूर्ति और पर्व की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज के लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने कहा कि ईद के दौरान किसी भी क्षेत्र में यदि कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस, स्थानीय चौकी, थाना या अधिकारियों के CUG नंबर पर कॉल अथवा मैसेज के माध्यम से दें, ताकि बिना देरी के उसका समाधान कराया जा सके। बैठक में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कई स्थानों पर नीचे लटके हाई वोल्टेज बिजली तारों से दुर्घटना की आशंका जताते हुए उन्हें दुरुस्त कराने की मांग की, जिस पर प्रशासन ने आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।