मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के गांव पींगरी में एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय अमर सिंह उर्फ भोलू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वे बरसात में भीगे गेहूं को सुखाने के लिए अपने घर की छत पर गए थे, तभी वहां बैठे बंदरों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
बंदरों के हमले से घबराकर अमर सिंह संतुलन खो बैठे और छत से नीचे गिर गए। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तुरंत आगरा के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार के अनुसार मृतक की बेटी की शादी 10 मई को तय थी, जिससे घर में खुशी की जगह मातम पसर गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।