उत्तर प्रदेश के भदोही में इंसानियत और ममता को झकझोर देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब के लिए पैसे न मिलने पर 20 वर्षीय युवक ट्रेन के आगे जान देने दौड़ पड़ा, लेकिन उसे बचाने के लिए पीछे भागी मां ने अपनी जान कुर्बान कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 46 वर्षीय शिवकुमारी अपनी बड़ी बेटी से मिलने एक निजी नर्सिंग होम गई थीं। उनके साथ बेटा विशाल राजभर भी था। नशे में धुत विशाल ने मां से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे, लेकिन मना करने पर दोनों के बीच बहस हो गई। गुस्से में विशाल रेलवे ट्रैक की ओर भाग गया और ट्रेन के सामने खड़ा हो गया।
इंदिरा मिल रेलवे क्रॉसिंग पर जैसे ही ट्रेन नजदीक पहुंची, मां ने बिना अपनी जान की परवाह किए बेटे को ट्रैक से धक्का देकर बाहर कर दिया। बेटा तो बच गया, लेकिन शिवकुमारी खुद तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना में घायल बेटे को पहले जिला अस्पताल और बाद में वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।