मथुरा (सुरीर): बरसात के मौसम में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है। थाना सुरीर क्षेत्र के ओहावा नगला–ओहावा लिंक मार्ग एवं बैकुंठपुर अड्डा मार्ग पर मंदिर के समीप 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का खंभा बीच से टूटकर खतरनाक स्थिति में खड़ा है। तारों का पूरा भार एक ओर झुक जाने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बसों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश, तेज आंधी और तूफान के दौरान यह जर्जर खंभा कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका है। मौके की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि खंभा केवल तारों के सहारे किसी तरह टिका हुआ है।
ग्रामीण सोनू निवासी टेटी गांव और देवा पहलवान निवासी बैकुंठपुर ने बताया कि हाल ही में 11 हजार वोल्ट लाइन का तार टूटने से विवेक और गोविंद सिंह की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके बावजूद बिजली विभाग ने इस खतरनाक खंभे को बदलने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका आरोप है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण देवा पहलवान, सोनू सिंह, सत्यवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेश सिंह और रवि सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि किसी अनहोनी से पहले तत्काल टूटे हुए खंभे को बदलकर विद्युत लाइन को सुरक्षित किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।