मथुरा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन कार्यों और संरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने गुरुवार को आगरा–मथुरा रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन कार्यों और संरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय एंट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर-1, पे एंड यूज़ सुविधा तथा अन्य यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुगम यात्री प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मथुरा जंक्शन की सेकंड एवं थर्ड एंट्री पर निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का भी जायजा लिया। साथ ही कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेकंड एंट्री की लिफ्ट तथा स्टेशन यार्ड के दिल्ली एंड स्थित प्वाइंट एवं क्रॉसिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
राजकुमार वानखेड़े ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने संरक्षा, स्वच्छता, सुगम यात्री आवागमन और बेहतर परिचालन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्माणाधीन कार्यों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा स्टेशन पर उपलब्ध सभी सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।