मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के कार और DCM की टक्कर हो गई। हादसा थाना नौहझील क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 63.300 पर हुआ। गनीमत रही कि दोनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं, हालांकि टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस के अनुसार, कार संख्या UP16FD1522 को नोएडा निवासी मैत्रेय बुद्ध मिश्रा चला रहे थे और उनके साथ उनकी पत्नी कनिका मिश्रा भी सवार थीं। वहीं DCM संख्या DL1LAN1822 को औरैया के लाखी निवासी रवि चला रहे थे। हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तेज बारिश के कारण दृश्यता कम होने से कार और DCM की टक्कर हुई। टक्कर के बाद दोनों वाहन एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े हो गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजीश कुमार और बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यार्ड में खड़ा कराया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि या चोट नहीं हुई है। फिलहाल दुर्घटना का कारण बारिश के चलते कम दृश्यता माना जा रहा है और घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।