नई दिल्ली दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक नाबालिग युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के चचेरे भाई अविनाश ने उसकी हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर दिया और उसे सुनसान जगह पर ठिकाने लगाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, रात में नाइट चेकिंग के दौरान एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में युवक की पहचान अविनाश के रूप में हुई। पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर अपनी चचेरी बहन की हत्या की बात कबूल की और शव को ठिकाने लगाने की जगह के बारे में जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अजीत विहार इलाके से सूटकेस बरामद किया, जिसमें युवती का शव रखा हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी चचेरी बहन के किसी प्रेम संबंध में होने का शक था। इसी शक के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई और वजह या अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की तस्वीर साफ होगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।