मथुरा में बुजुर्ग माता-पिता के उत्पीड़न का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हाईवे थाना क्षेत्र के विकास नगर में बेटों पर अपने ही कैंसर पीड़ित पिता, मां और छोटी बहन को घर में बंधक बनाने और पुश्तैनी मकान पर जबरन कब्जा करने के आरोप लगे हैं। परेशान होकर पीड़ित परिवार की बेटियां सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई।
धौलपुर, राजस्थान निवासी जन्नत और उनकी बहनों ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके 65 वर्षीय पिता छीतो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी देखभाल उनकी पत्नी राजो और छोटी बेटी रूबीना कर रही हैं।
आरोप है कि उनके भाई रजीत, संजू और सलमान माता-पिता का सहारा बनने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। बहनों का आरोप है कि भाइयों ने पुश्तैनी मकान पर जबरन कब्जा कर लिया है और माता-पिता व छोटी बहन को घर में बंधक बना रखा है।
बताया गया कि जब छोटी बहन रूबीना ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोप यह भी है कि पुलिस में शिकायत किए जाने से नाराज भाइयों ने रूबीना के साथ दोबारा मारपीट कर उसे फिर बंधक बना लिया।
मामले से परेशान होकर पीड़ित बहनों ने अब पुलिस कप्तान के कार्यालय का रुख किया है। उन्होंने एसएसपी से अपने बंधक माता-पिता और बहन को सुरक्षित छुड़ाने, मकान पर कब्जे की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।