वाराणसी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट स्टाफ के दो कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ का रहने वाला एक यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। यात्री के पास पिस्टल थी और सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उसने अपनी पिस्टल और मैगजीन के बारे में अधिकारियों को पहले ही जानकारी यानी डिक्लेयर कर दिया था।
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान अचानक यात्री की पिस्टल से गोली चल गई। गोली सीधे किसी व्यक्ति को लगने के बजाय पहले फर्श से टकराई, जिसके बाद उसका रुख बदल गया और पास में मौजूद दो लोगों को जा लगी।
गोली लगने से एक युवक के हाथ में चोट आई, जबकि एक महिला कर्मचारी की जांघ में गोली लगी। अचानक हुई फायरिंग से एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों और एयरपोर्ट कर्मियों ने तत्काल घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह घटना जानबूझकर की गई फायरिंग नहीं बल्कि पिस्टल से अचानक गोली चलने की वजह से हुई बताई जा रही है।
फिलहाल दोनों घायल कर्मचारियों का निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली।
एयरपोर्ट जैसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा तेज कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा जांच और हथियारों से जुड़ी प्रक्रियाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी इस घटना के बाद ध्यान केंद्रित हुआ है।