80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मथुरा में जगह-जगह ध्वजारोहण और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सरकारी विभागों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर भी आजादी का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से मथुरा के डैंपियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में भव्य ‘तिरंगा महोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी शामिल हुए और उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के दौरान NCC के छात्र-छात्राओं और पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद अतिथियों ने भारत माता और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं अपने-अपने विभागों में उत्कृष्ट एवं संतोषजनक कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
तिरंगा महोत्सव के दौरान पूरा प्रेक्षागृह देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस और तिरंगा महोत्सव के महत्व पर अपने विचार साझा किए।