देश की आजादी की 80वीं सालगिरह कान्हा की नगरी वृंदावन में भी हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से गांधी पार्क में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान गांधी पार्क परिसर भारत माता और अमर शहीदों के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। आमजन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल नजर आए।
वहीं नगर निगम के वृंदावन जोन कार्यालय पर भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। नगर निगम के उपसभापति मुकेश सारस्वत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने वीर शहीद लक्ष्मण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी क्रम में वृंदावन नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी की शुरुआत आजाद मैदान स्थित गोविंद देव मंदिर से बैंड-बाजों के साथ हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत माता और वीर शहीदों के जयघोष करते हुए नगर का भ्रमण किया।
प्रभात फेरी के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रभात फेरी के समापन पर आजाद मैदान, गोविंद देव मंदिर परिसर में नगर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया।
वृंदावन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में तिरंगे की शान, देशभक्ति के जयकारे और राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली।