नैनीताल के मुक्तेश्वर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। फरीदाबाद से घूमने आए पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि फरीदाबाद से 21 लोगों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। वापस लौटते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घायलों को खाई से बाहर निकालकर सीएचसी रामगढ़ भेजा गया है। वहीं, एक पर्यटक के वाहन के नीचे दबे होने की सूचना भी सामने आई है। पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पहाड़ी मार्ग पर हुए इस हादसे से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।