Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 14 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ग्रेटर नोएडा में साइबर कैफे पर दिनदहाड़े लूट, पिस्टल तानकर 80 हजार रुपये ले गए बदमाश

बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, CCTV में कैद हुई पूरी घटना; पुलिस ने चार टीमें लगाईं

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मलकपुर गांव में बाइक सवार दो बदमाशों ने साइबर कैफे में घुसकर पिस्टल के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए। दोनों बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। एक बदमाश ने कैफे में मौजूद युवक पर पिस्टल तान दी, जबकि दूसरे ने केबिन में जाकर रैक से नकदी निकाल ली। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

बताया गया कि साइबर कैफे संचालक मोहित लोगों के खातों में पैसे जमा करने का काम भी करता है। वारदात से पहले वह बैंक से 80 हजार रुपये निकालकर कैफे पहुंचा था। घटना के समय वह खाना खाने के लिए अपने कमरे पर गया हुआ था और कैफे पर उस्मान नाम का युवक मौजूद था।

लूट के बाद जब उस्मान ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोप है कि एक बदमाश दोबारा कैफे के पास आया और गोली मारने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा। दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। उनके जाने के बाद युवक ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने के साथ-साथ उनके आने-जाने के रास्तों की भी जांच कर रही है।

पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को कैफे में रखी नकदी की पहले से जानकारी हो सकती है। इसी पहलू की भी जांच की जा रही है कि क्या बैंक से पैसे निकालने के बाद बदमाशों ने कैफे संचालक का पीछा किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं।

Previous News

मायापुर टनल हादसे के बाद घटनास्थल पहुंचे सीएम धामी, रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की

Next News

दिल्ली में HIV के खिलाफ बड़ा अभियान, 60 दिन तक घर-घर होगी मुफ्त जांच