आगरा। ताजमहल परिसर में बंदरों के आतंक ने एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में ताजमहल घूमने आए एक विदेशी पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद पर्यटक को उपचार के लिए ले जाना पड़ा। ताजमहल में बंदरों की बढ़ती संख्या को लेकर पहले भी पर्यटकों और गाइडों की ओर से चिंता जताई जाती रही है।
बताया गया कि ताजमहल परिसर में बंदरों की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है। इससे पर्यटकों के लिए परेशानी के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी बना हुआ है। जुलाई में दक्षिण कोरिया की एक महिला पर्यटक पर भी ताजमहल के पूर्वी गेट के बाहर बंदर ने हमला किया था, जिसमें उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया था।
इस घटना के बाद एक बार फिर ASI और स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं। ताजमहल प्रशासन की ओर से बंदरों को पकड़ने के लिए नगर निगम को पत्र लिखे जाने की बात सामने आई है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो पाया है।
ताजमहल में रोजाना बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में बंदरों के हमले की घटनाएं आगरा के पर्यटन और विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बन रही हैं।