मथुरा। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में संयुक्त पूर्व सैनिक मोर्चा के तत्वावधान में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों ने शहीद सैनिक स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के अमर शहीदों और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल पाठक, प्रभारी ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक मथुरा रहे। इस अवसर पर खेमचंद्र शर्मा, कोऑर्डिनेटर पूर्व सैनिक संघ उत्तर प्रदेश, मनोज कुलश्रेष्ठ, कैप्टन जवाहर लाल, कैप्टन भंवर सिंह, रामपाल सिंह, प्रेम सिंह, हरिओम, आर.आर. शर्मा, प्रेम विजय शर्मा, रघुवीर, सुनील कुमार, दयानंद, रवीन्द्र पाल, मलखान सिंह और श्याम बाबू सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां मौजूद रहीं।
सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। इसके बाद जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अमर शहीदों की जय’ के जयघोष के साथ यात्रा निकाली।
तिरंगा यात्रा योद्धा चौक होते हुए ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक मथुरा पहुंची। यहां वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान पूर्व सैनिकों और वीर नारियों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में खेमचंद्र शर्मा, कर्नल मुकेश पाठक, आर.आर. शर्मा, वीर नारी सीमा देवी एवं अन्य पूर्व सैनिकों ने अपने विचार साझा किए और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया।