मथुरा। बेटियों की शादी और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक-एक रुपया जोड़कर खरीदे गए प्लॉट को लेकर दो महिलाओं के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना जैत क्षेत्र के नगला सुमेरा गांव निवासी राजवती और उनकी देवरानी रजनी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने श्री दाऊजी धाम कॉलोनी में 100-100 वर्गगज के दो प्लॉट खरीदे थे, लेकिन बाद में पता चला कि जिस प्लॉट के लिए उन्होंने लाखों रुपये दिए, उसे पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेचा जा चुका था।
पीड़ित महिलाओं के मुताबिक, 15 जनवरी को जब वे प्लॉट पर बाउंड्री वॉल कराने पहुंचीं, तब उन्हें कथित फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। आरोप है कि संबंधित प्लॉट को मुकेश बाबू शर्मा ने वर्ष 2017 में ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। इसके बावजूद महिलाओं के नाम पर उसकी दोबारा रजिस्ट्री कराकर उनसे लाखों रुपये ले लिए गए।
मामले का विरोध करने जब पीड़ित परिवार आरोपी के घर पहुंचा तो आरोप है कि आरोपी और उसके बेटे ने महिलाओं के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद दोनों महिलाएं अपने परिजनों के साथ न्याय की गुहार लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं।
पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने थाना जैत पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने के बाद उन्हें एसएसपी कार्यालय का रुख करना पड़ा। महिलाओं ने पूरे मामले की जांच कर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि बेटियों की शादी के लिए जमा की गई गाढ़ी कमाई से जुड़े इस कथित प्लॉट फर्जीवाड़े में पुलिस क्या कार्रवाई करती है।