Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 13 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
हरियाली तीज को लेकर बरसाना में प्रशासन अलर्ट, राधा रानी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर बनी रणनीति

बरसाना। आगामी हरियाली तीज पर्व को लेकर बरसाना स्थित श्री राधा रानी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 12 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मथुरा एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मथुरा की अध्यक्षता में रोपवे कार्यालय में महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने विस्तृत चर्चा की।

गोष्ठी में तय किया गया कि श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश के लिए श्रीजी गेट, कटारा पार्क, सुदामा चौक, दादी बाबा मंदिर, सिंगापुर गेट और सफेद छतरी के पास से होकर निर्धारित मार्ग से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को निकास द्वार से जयपुर मंदिर और थाना तिराहा की ओर भेजा जाएगा, ताकि भीड़ का दबाव कम हो और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं को रास्तों की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए प्रमुख स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।

बैठक में चिकित्सा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मेले के दौरान पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा बरसाना के प्रमुख मार्गों और मंदिर क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समन्वय गोष्ठी में एसडीएम गोवर्धन, ईओ नगर पंचायत बरसाना, चिकित्सा अधिकारी, लाडली जी मंदिर के रिसीवर डॉ. यज्ञ पुरुष, कीर्ति मंदिर के प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह सहित व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रशासन ने हरियाली तीज पर्व को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Previous News

वृंदावन पुलिस का बड़ा एक्शन: 3 युवक और 2 बाल अपचारी गिरफ्तार, चोरी के 4 पर्स, ₹1,926 और चाकू बरामद

Next News

मथुरा में पुलिस का पैदल गश्त अभियान, संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की हुई सघन चेकिंग