मथुरा। कोसीकलां के चार भाई-बहनों की मासूम इच्छा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन का ध्यान खींचा। आर्थिक परेशानियों के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। कांवड़ यात्रा के दौरान चारों बच्चों ने भगवान भोलेनाथ से स्कूल की फीस माफ होने की मन्नत मांगी थी। बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मथुरा के जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लिया।
इसके बाद चारों बच्चों और उनके परिवार को कलेक्ट्रेट बुलाया गया। प्रशासन की ओर से चारों बच्चों की स्कूल फीस माफ कराने के साथ उन्हें स्कूल ड्रेस, बैग, किताबें, पेंसिल बॉक्स, टिफिन, जूते और मोजे समेत पढ़ाई के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया। प्रत्येक बच्चे को दो-दो स्कूल ड्रेस भी दी गईं।
मामला कोसीकलां के बठैन गेट के पास बैंक कॉलोनी का है। बच्चों के पिता भरत सिंह का परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा है। परिवार को पहले से प्रधानमंत्री आवास योजना और भरत सिंह व उनकी पत्नी सुनीता को दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।
प्रशासन की ओर से एक और अहम पहल करते हुए SDM छाता ने चारों बच्चों को गोद लेकर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी ली है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और उन्हें आगे भी आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें।
बच्चों की भोलेनाथ से की गई प्रार्थना सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन तक पहुंची और उनकी पढ़ाई का रास्ता आसान हो गया।