मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 2 अगस्त को खून से लथपथ मिले युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की बहन के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अवैध संबंधों में रोड़ा बनने पर युवक की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
मामला कुसुम वाटिका, नरहौली क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुकेश के मृतक गोविंद की बहन के साथ पिछले करीब चार साल से संबंध थे। गोविंद इन संबंधों का विरोध करता था। आरोप है कि इसी बात को लेकर मुकेश गोविंद से रंजिश रखने लगा था और उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त की शाम आरोपी मुकेश गोविंद को शराब पिलाने के बहाने अपने ई-रिक्शा में बैठाकर ले गया। आरोप है कि एक स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपी ने गोविंद को शराब पिलाई और जब वह नशे में हो गया तो धारदार कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गोविंद की मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद थाना हाईवे पुलिस और सर्विलांस टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।