उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। लगातार बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया और देखते ही देखते तेज बहाव ने नवनिर्मित बैली ब्रिज को बहा दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पानी के तेज बहाव के सामने पुल ताश के पत्तों की तरह बहता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पुल ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर नीती घाटी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पुल था। पुल के बह जाने से इलाके में आवागमन प्रभावित हुआ है और कई गांवों की कनेक्टिविटी पर असर पड़ा है।
तमक नाले में आए अचानक सैलाब की चपेट में BRO का एक वाहन भी आने की जानकारी सामने आई है। वाहन के चालक के लापता होने की खबर है। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।
मौके पर SDRF और NDRF की टीमें भेजी गई हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। वहीं प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।