मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सौंख रोड पर सोमवार शाम एक फल विक्रेता की मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय दीपक पुत्र बाबूलाल, निवासी विकास नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम किसी विवाद के बाद दीपक के साथ मारपीट की गई और इसी दौरान उसका गला घोंट दिया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, दीपक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने थाना कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।