कोसीकलां। सोमवार 10 अगस्त 2026 को कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन द्वारा सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। बिना वैध टिकट यात्रा करने वाले एवं रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व मंडल वाणिज्य निरीक्षक कोसीकलां बी.के. पांडे एवं मुख्य टिकट निरीक्षक मथुरा हेमंत अग्रवाल ने किया। टिकट चेकिंग अभियान में 5 टिकट चेकिंग स्टाफ और 4 आरपीएफ कर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।
टीम ने स्टेशन परिसर के साथ-साथ ट्रेनों में भी टिकटों की जांच की। इस दौरान करीब 9 ट्रेनों को चेक किया गया। जांच के दौरान बिना वैध टिकट या रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कुल 59 रसीदें बनाई गईं।
रेलवे के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 27,150 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अभियान के बाद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा करने से पहले वैध टिकट जरूर खरीदें और रेलवे के सभी नियमों का पालन करें।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे बिना टिकट या अनुचित तरीके से यात्रा करने से बचें, ताकि उन्हें जुर्माने और कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।