मथुरा। सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आने के बाद पत्नी के घर छोड़कर चले जाने और पति की जानकारी के बिना कथित तौर पर प्लॉट बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने अपनी पत्नी और उसके सहयोगियों पर प्लॉट में जबरन घुसकर तोड़फोड़ करने तथा सामान चोरी करने के आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर भूतपूर्व सैनिक परिषद भी पीड़ित के समर्थन में सामने आई है।
पीड़ित विवेक सिंह का आरोप है कि उन्होंने अपनी पैतृक जमीन बेचकर प्राप्त धनराशि से अपनी पत्नी कविता देवी के नाम पर एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट पर उन्होंने बाउंड्री वॉल के साथ एक कमरे का निर्माण भी कराया था। पीड़ित के मुताबिक, इस संपत्ति को उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखा था।
विवेक सिंह का आरोप है कि उनकी पत्नी इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आईं, जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गईं। पीड़ित का दावा है कि इसके बाद उनकी जानकारी के बिना उक्त प्लॉट को किसी अन्य व्यक्ति के हाथ बेच दिया गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि प्लॉट को लेकर विवाद के बीच रात के समय वहां तोड़फोड़ कर निर्माण को नुकसान पहुंचाया गया और सामान भी चोरी किया गया। उनका कहना है कि पैतृक संपत्ति से प्राप्त धन से खरीदी गई संपत्ति के मामले में अब वह आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।