मथुरा के गोवर्धन चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। मथुरा-वृंदावन ऑटो ई-रिक्शा ड्राइवर एसोसिएशन ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन का कहना है कि कुछ कर्मचारी नगर निगम के नाम पर चालकों से बिना किसी वैध रसीद या आदेश के प्रतिदिन करीब 50 रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। इससे पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर चालकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
चालकों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया भी जाता है, जिससे वे मजबूरी में भुगतान करने को विवश हो जाते हैं।
एसोसिएशन ने नगर आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ई-रिक्शा संचालन के नियमों को स्पष्ट और पारदर्शी बनाने की भी अपील की गई है।